राजनगर एक्सटेंशन में चतुर्थ सामूहिक दुर्गा पूजा महोत्सव का बिगुल, 50 से अधिक सोसाइटियों की होगी सहभागिता

ग़ाज़ियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक रंग बिखेरने की तैयारी शुरू हो चुकी है। संकल्पसिद्धि फाउंडेशन द्वारा आयोजित चतुर्थ सामूहिक दुर्गा पूजा महोत्सव 2025 का बिगुल बज चुका है। विगत चार वर्षों से वैदिक पद्धति पर आयोजित हो रहे इस आयोजन में इस बार भी क्षेत्र की 50 से अधिक सोसाइटियों के निवासी एकजुट होकर शामिल होंगे।
आयोजन की विशेषता यह है कि माँ दुर्गा की आराधना के साथ-साथ सामाजिक विषयों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, पारंपरिक झांकियाँ और महिला मंडली द्वारा भक्ति गीत-भजन की गूंज श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देगी। बच्चों और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी इस पर्व को और भी जीवंत बना देती है।
आयोजन स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए समिति ने इस बार और सख्त व्यवस्थाएँ लागू करने का निर्णय लिया है।
आज 24 अगस्त को के.डी. ग्रैंड सवाना सोसाइटी के कम्युनिटी हॉल में कार्यकारिणी सदस्यों की एक बैठक हुई, जिसमें राजनगर एक्सटेंशन की कई सोसाइटियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में आगामी माह होने वाले महोत्सव की रूपरेखा तय की गई और विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
संयोजक राजीव झा (मोबाइल: 9910809494) ने बताया कि सामूहिक दुर्गा पूजा महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है।


