राजनगर एक्सटेंशन में आज निकलेगी राम बारात की शोभायात्रा, एकता और आध्यात्मिकता का बनेगी प्रतीक

गाजियाबाद : राजनगर एक्सटेंशन में आज, शुक्रवार 26 सितंबर 2025 को पहली बार रामलीला ट्रस्ट द्वारा राम बारात की शोभायात्रा ऐतिहासिक और भव्य रूप में निकाली जाएगी। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा बल्कि समाज में एकता, सामूहिकता और आध्यात्मिकता का संदेश भी देगा।
रामलीला ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि राम बारात केवल परंपरा का निर्वहन नहीं है बल्कि यह सनातन संस्कृति और हमारे जीवन मूल्यों को जीवंत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन सत्य, न्याय और करुणा का आदर्श है और इस शोभायात्रा का उद्देश्य उन आदर्शों को समाज तक पहुँचाना है।
राम बारात के संयोजक अभिषेक शर्मा ने कहा कि शोभायात्रा के मार्ग पर आने वाली सभी सोसाइटी समितियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने-अपने गेट्स पर पुष्प वर्षा, आरती और स्वागत की व्यवस्था करें। इससे न केवल श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ेगा बल्कि पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
संयोजक अमित तोमर ने कहा कि राम बारात जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं। यह हमें यह स्मरण कराता है कि सनातन धर्म के आदर्श केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं बल्कि जीवन जीने का मार्गदर्शन करते हैं।
मीडिया प्रभारी अंकित गुप्ता और मनोज अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा अग्रवाल हाइट से निकलकर केडीपी गोलचक्कर, अजनारा इंटिग्रिटी, गौर कास्केड, आशियाना चौक और फॉर्च्यून हाइट्स होते हुए रामलीला मैदान तक पहुँचेगी। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं और समितियों द्वारा स्वागत की तैयारियाँ की गई हैं।
इस आयोजन में रामलीला ट्रस्ट के संरक्षक राकेश त्यागी, एडवोकेट तेजवीर त्यागी, पार्षद सुमन लता पाल, पंकज भारद्वाज, एनके शर्मा, अनिल तोमर, दीपक सहलोत, नरेश सिरोही, एडवोकेट प्रदीप त्यागी, रूपक चौधरी, राहुल ढाका, कैप्टेन सचिन शर्मा, कुश त्यागी, रवींद्र कुमार गर्ग समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्यगण सहयोग करेंगे। इसके अलावा डिजिटल वॉलेंटियर्स फोर्स और पुलिस प्रशासन भी यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय रहेगा।
राजनगर एक्सटेंशन में होने वाली इस राम बारात से एक ओर जहाँ धार्मिक उत्सव का माहौल बनेगा, वहीं दूसरी ओर समाज में भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी गूंजेगा।


