Ghaziabad

राजनगर एक्सटेंशन की सफाई व कूड़ा निस्तारण पर जीडीए-फेडरेशन की बैठक, अनधिकृत कंपनियों पर होगी सख़्त कार्रवाई

गाज़ियाबाद। गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) और फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन सोसाइटीज़ के बीच मंगलवार दोपहर एक अहम बैठक प्राधिकरण के सभागार में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य एजेंडा क्षेत्र की सोसाइटियों से निकलने वाले ठोस अपशिष्ट (कूड़ा) का निस्तारण और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।

अनधिकृत निस्तारण पर चेतावनी

जीडीए अधिकारियों ने बताया कि कूड़ा निस्तारण के लिए केवल मैसर्स शिवाय मीडिया प्राइवेट लिमिटेड को अधिकृत किया गया है। फिलहाल, क्षेत्र की मात्र 25 सोसाइटियां इस संस्था के माध्यम से कूड़ा निस्तारण करा रही हैं, जबकि करीब 35 से अधिक सोसाइटियां अनधिकृत रूप से कूड़ा निस्तारण करवा रही हैं। परिणामस्वरूप सड़कों पर कूड़े के ढेर लगते हैं।
प्राधिकरण ने चेतावनी दी कि ऐसे अनधिकृत निस्तारण करने वालों को नोटिस जारी कर दिया गया है और निर्देशों की अवहेलना पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सोसाइटी प्रतिनिधियों की आपत्तियाँ

फेडरेशन और उपस्थित सोसाइटी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि वे स्वच्छता चाहते हैं और सड़कों पर पड़ा कूड़ा उनकी सोसाइटियों का नहीं बल्कि फुटपाथ विक्रेताओं द्वारा फेंका जाता है। प्रतिनिधियों ने कहा कि हर सोसाइटी में कोई न कोई मेंटेनेंस कंपनी कार्यरत है, जो कूड़े का निस्तारण कराती है। उन्होंने सुझाव दिया कि अधिकृत फर्म सीधे सोसाइटी की मेंटेनेंस कंपनियों से समन्वय करे, जिसके लिए वे पूरा सहयोग देंगे।

सड़कों और अतिक्रमण पर भी चर्चा

बैठक में जीडीए अधिकारियों ने यह भी बताया कि राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की सड़कों के सुधार हेतु टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वर्षा ऋतु के बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा। साथ ही, अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया गया।

बैठक में शामिल प्रतिनिधि

फेडरेशन की ओर से अध्यक्ष सचिन त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सुबोध गुप्ता, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, वरिष्ठ सचिव अभिनव त्यागी, मीडिया सहप्रभारी मोनू त्यागी के साथ गौर कसकड़े से अखिल अग्रवाल, के.डब्ल्यू. से प्रमोद त्यागी, सांगवान हाइट्स से सुमित त्यागी, ऑफिसर सिटी 1 से संदीप त्यागी, हम-तुम रोड वेलफेयर एसोसिएशन से मुरारी लाल शर्माअनिल कुमार, अपरीमिया रेजिडेंसी से योगेश उपस्थित रहे।
प्राधिकरण की ओर से बी.एन. गुप्ता, रूद्रेश शुक्ल, राकेश कुमार श्रीवास्तव, रमेश चंद्र और अधिकृत कंपनी से शिवम चौहान भी मौजूद रहे।

यह बैठक राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की पारदर्शी और सख़्त व्यवस्था लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

LP News

Local Post News Network

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button