मेरठ में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत, विधायक ने दिखाई हरी झंडी

मेरठ : नगर में संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए जागरूकता और रोकथाम के उद्देश्य से संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत सोमवार को की गई। इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ मेरठ कैंट के माननीय विधायक अमित अग्रवाल ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर किया। यह अभियान 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक जिले में संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। शुभारंभ रैली में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कटारिया, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगरीय मलेरिया अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
रैली में एन.ए.एस. इंटर कॉलेज के एनसीसी छात्रों सहित 100 से अधिक विद्यार्थियों और 73 डीबीसी वर्करों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त पशुपालन विभाग, नगर निगम के फॉगिंग वाहन, आईसीडीएस विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ तथा क्षय रोग विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी रैली में शामिल हुए।
यह रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर जिलाधिकारी आवास, कैलाश प्रकाश स्टेडियम, आईजी आवास, सर्किट हाउस होते हुए वापस नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, पुलिस लाइन पर संपन्न हुई। रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों को अल्पाहार वितरित किया गया।
जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस आदि बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम, सफाई अभियान, फॉगिंग और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी न जमा होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।


