मेरठ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की सदस्यता समाप्त करने की मांग

मेरठ। आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता अंकित चौधरी के नेतृत्व में जिलाधिकारी (डीएम) मेरठ को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा देश के गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि इस मामले में एक विशेष समिति का गठन किया जाए और जांच के बाद महुआ मोइत्रा की लोकसभा सदस्यता समाप्त की जाए। ज्ञापन में कहा गया कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो भविष्य में छोटी-सी लोकप्रियता पाने के लिए कोई भी नेता संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर सकता है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए घातक है।
इस मौके पर भाजपा नेता अंकित चौधरी ने कहा कि देश के गृहमंत्री पर इस तरह की टिप्पणी असहनीय है और लोकतांत्रिक गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने जोर दिया कि संविधान की मर्यादा बनाए रखने और लोकतंत्र की गरिमा को बचाने के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग करने वाले नेताओं पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दिनेश कुमार, सौरव पंडित, कपिल जैन, रिंकू वर्मा, सौरभ अत्री, हर्ष पंडित, शुभम अग्रवाल, अभिलाष तोमर, नितिन प्रजापति और चिराग सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


