
विधानसभा चुनाव से पहले यहां पुलिस ने दो अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा करते हुए पांच बदमाशों को गिरफतार किया है। पुलिस को मौके से बने अधबने अवैध हथियारों का जखीरा मिला है। मार्केट में मंहगी दरों पर बेचने के लिए बदमाश पिस्टल पर ‘मेड इन इटली’ की स्टैंप लगा देते थे। पुलिस इन हथियारों का चुनाव के दौरान संभावित हिंसा में प्रयोग किए जाने की संभावना से इंकार नहीं कर रही है। गिरफतार बदमाशो के साथियों की तलाश की जा रही है।
विधान सभा चुनाव से पहले पकङा अवैध हथियारों का बङा जखीरा, चुनाव के दौरान हिंसा की आशंका

एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस लगातार अवैध हथियारों के खिलाफ कार्यवाही में जुटी है। मुखबिर की सूचना पर लिसाड़ी गेट व रेलवे रोड थाना क्षेत्र में एक-एक अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री पकङी गई है। लिसाङी गेट क्षेत्र के शौकीन गार्डन में स्थित राशिद उर्फ कामिल के अंडर कंस्ट्रक्शन मकान में छापेमारी की। जहां से पुलिस ने ब्रह्मपुरी निवासी राशिद उर्फ कामिल और उसके साथी काशीराम कॉलोनी निवासी सलमान को गिरफ्तार किया। पुलिस को मौके से सात पिस्टल, 11 तमंचे, भारी मात्रा में मैगजीन, हथियार बनाने के उपकरण और बने व अधबने अवैध हथियार मिले हैं। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वह पिछले काफी समय से इस सुनसान मकान में हथियार बनाने का काम कर रहे हैं। पिस्टल और तमंचे बना कर समर कॉलोनी निवासी बिलाल को बेचा जाता है। बिलाल का भाई आस मोहम्मद भी उसके साथ हथियारों की सप्लाई में मदद करता है। बिलाल और उसके भाई की तलाश की जा रही है ।एसपी सिटी ने बताया कि दूसरी अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री मछेरान स्थित एक खंडहर मकान पर पकङी गई है। जहां से पुलिस ने गाजियाबाद निवासी सगीर और आफताफ सहित मेरठ के रांगढ़ वाली चौपाल निवासी आश्कीन को गिरफ्तार किया। पुलिस को मौके से दो बनी हुई पिस्टल, कुछ अधबनी पिस्टल, भारी मात्रा में बने और अधबने तमंचे, हथियार बनाने के उपकरण आदि बरामद हुए। बदमाशों ने बताया कि वह अपने साथी लिसाड़ी गेट निवासी लीलू उर्फ साजिद और दिल्ली निवासी सलीम के साथ पिछले काफी समय से हथियार बनाकर सप्लाई कर रहे हैं। एसपी सिटी ने बताया कि बदमाशों के दोनों फरार साथियों की तलाश की जा रही है।







एसपी सिटी विनित भटनागर ने बताया कि बदमाश पिस्टल को अधिक कीमत पर बेचने के लिए उस पर मेड इन ईटली की स्टैंप लगा दिया करते थे। बाजार में इसे विदेशी पिस्टल बता कर महंगी दर पर बेचा करते थे। पिस्टल के लिए बदमाश 20 हजार से 35 हजार रूपये तक वसूल किया करते थे। जबकि तमंचे 25 सौ रूपये में बेचा करते थे। एसपी सिटी ने बताया कि बदमाशो से पूछताछ जारी है। इस बात की संभावना है कि आगामी विधान सभा के दौरान इन हथियारों का प्रयोग हिंसा फैलाने के लिए किया जा सकता था
(Image Credit – Munish Kumar)



