मेरठ में ट्रकों की भिड़ंत में दो चालकों की मौत, दो घायल

मेरठ : सरधना थाना क्षेत्र में चौधरी चरण् सिंह कांवङ मार्ग पर बुधवार की सुबह हुए दर्दनाक हादसे में दो ट्रक चालकों की मौत हो गई। दोनों ट्रकों के क्लीनर भी घायल हो गए। ट्रकों में फंसे चालकों के शवों को पूलिस ने ग्राइंडर और क्रेन की मदद से बाहर निकाला। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जाता है कि किठौर थाना क्षेत्र के जड़ौदा गांव का रहने वाला 25 वर्षीय वसीम पुत्र खिलाफत अपने ट्रक में रोड़ी लेकर रायपुर से गाजियाबाद जा रहा था। इसी दौरान बुधवार की सुबह लगभग पांच बजे सरधना में कांवड़ नहर पटरी मार्ग पर भलसौना पुल के निकट वसीम का ट्रक सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ही ट्रकों के आगे के हिस्सों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को ट्रकों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। क्रेन और ग्राइंडर की मदद से दोनों ट्रकों को अलग करके सभी को बाहर निकाला गया। जिसमें वसीम और दूसरे ट्रक के चालक की मौत हो चुकी थी। जबकि घायल हुए दो क्लीनरों को अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जाता है कि दूसरे ट्रक में तिल बेगमपुर निवासी अनीस सिकंदराबाद से लोहे के पाइप लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। पुलिस द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद वसीम और अनीस के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्जे में ले लिया है।


