मेरठ पहुँची निषाद पार्टी की संवैधानिक अधिकार यात्रा, हस्तिनापुर में मछुआ समाज का गौरव किया याद

मेरठ : निषाद पार्टी की “संवैधानिक अधिकार यात्रा” का आज भव्य स्वागत मेरठ जिले के सैनी से लेकर पौराणिक नगरी हस्तिनापुर तक हुआ। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के नेतृत्व में निकाली जा रही यह यात्रा मछुआ समाज के अधिकारों, उनकी पहचान, और उनके गौरवशाली इतिहास को पुनर्जीवित करने की पहल का प्रतीक है।
हस्तिनापुर में मछुआ समाज से संवाद
हस्तिनापुर के अंबेडकर पार्क में मछुआ समाज के साथ बातचीत करते हुए डॉ. संजय निषाद ने महाभारत काल में निषाद समाज के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा, “हस्तिनापुर की धरती महारानी सत्यवती और निषाद समाज के गौरवशाली इतिहास की साक्षी रही है। त्रेता युग में श्रृंगवेरपुरधाम के महाराजा गुह्यराज निषाद ने प्रभु श्रीराम का स्वागत कर इतिहास रचा था। अब इस इतिहास को फिर से जीवित करने का समय आ गया है।”
श्रृंगवेरपुर से हस्तिनापुर तक इतिहास का पुनरुद्धार
डॉ. निषाद ने बताया कि सरकार द्वारा श्रृंगवेरपुरधाम में महाराजा गुह्यराज निषाद और प्रभु श्रीराम की 56 फीट ऊंची प्रतिमा बनवाई जा चुकी है। जल्द ही श्रृंगवेरपुर को वैश्विक तीर्थक्षेत्र के रूप में पहचान दी जाएगी। इसी तर्ज पर हस्तिनापुर को भी विकसित करने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा, “महाभारतकालीन नगरी हस्तिनापुर का इतिहास भी श्रृंगवेरपुरधाम की तरह पुनर्जीवित होना चाहिए।”
जनगणना पर खुला चैलेंज
डॉ. निषाद ने राहुल गांधी, मायावती, और अखिलेश यादव को जनगणना में मझवार और तुरैहा की आबादी में हुई हेरफेर पर खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने 1961 की जनगणना का हवाला देते हुए कहा कि मझवार की आबादी 70 लाख थी, जो 2011 में घटकर मात्र 7 हजार रह गई। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर जातीय आधार पर जनगणना में हेरफेर करने का आरोप लगाया और इसे मछुआ समाज के अधिकारों का हनन बताया।

आगामी विधानसभा सत्र में मछुआ आरक्षण का मुद्दा
डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी आगामी विधानसभा सत्र में मछुआ समाज के आरक्षण का मुद्दा जोर-शोर से उठाएगी। उन्होंने कहा, “जब तक मछुआ समाज को अनुसूचित जाति का लाभ नहीं मिल जाता, हमें एकजुट रहना होगा। यह यात्रा समाज को जागरूक और संगठित करने का माध्यम है।”
भविष्य की योजनाएं
डॉ. निषाद ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर हस्तिनापुर को श्रृंगवेरपुरधाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर जोर देने का वादा किया। इसके साथ ही अयोध्या से चित्रकूट तक बनाए जा रहे राम वन गमन पथ, जिसमें श्रृंगवेरपुर भी शामिल है, को ऐतिहासिक महत्व का मार्ग बताया।

भव्य स्वागत और समर्थन
संवैधानिक अधिकार यात्रा के दौरान मेरठ के सैनी, इंचौली, मसूरी, मवाना, और जलालपुर सहित कई जगहों पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूरन कश्यप, डॉ. अमित निषाद, जगरोशन कश्यप, हरिओम कश्यप, और अरुणा कश्यप सहित सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे।
संवैधानिक अधिकार यात्रा 200 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में इसका समापन होगा।



