मेधावी छात्रा बनी एक दिन की जिलाधिकारी, मिशन शक्ति 5.0 के तहत प्रशासनिक कार्यों का लिया अनुभव

मेरठ : मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ए.एस. इंटर कॉलेज मवाना की कक्षा 11 की छात्रा वैष्णवी सिंघल को एक दिन का सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया। वैष्णवी ने जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर न केवल फरियादियों की समस्याएं सुनीं, बल्कि प्रशासनिक दायित्वों को भी बखूबी निभाया।
जिलाधिकारी के पद पर बैठने के बाद वैष्णवी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने मेधावी छात्रा को स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वैष्णवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि “जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठना मेरे लिए गर्व और उत्साह का क्षण था। इस अनुभव ने मुझे यह एहसास दिलाया कि इस पद पर कितनी बड़ी जिम्मेदारी होती है – हर समस्या को ध्यान से सुनना और उसका समाधान निकालना एक गंभीर कार्य है।” उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में वह अपने लक्ष्य की दिशा में और अधिक मेहनत करेंगी ताकि समाज में योगदान दे सकें।


जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा और बेटियों को सुरक्षित व सशक्त वातावरण प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मिशन शक्ति अभियान के तहत इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था से अवगत कराना, उनमें सामाजिक मुद्दों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना और उन्हें भविष्य में नेतृत्व की भूमिकाओं के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि “बेटियां आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। बिना बेटियों के विकसित उत्तर प्रदेश की कल्पना नहीं की जा सकती।”
कार्यक्रम के दौरान अन्य मेधावी छात्राओं को भी प्रशासनिक पदों पर सांकेतिक रूप से जिम्मेदारी दी गई। सूरजमल मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल फलावदा की छात्रा शैली को मुख्य विकास अधिकारी, किसान इंटर कॉलेज मवाना की आराध्या को अपर जिलाधिकारी प्रशासन, आदर्श कन्या इंटर कॉलेज नैडू मवाना की मानसी को अपर जिलाधिकारी नगर, और डीएवी खरखौदा की सानिया को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की भूमिका सौंपी गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव समेत अन्य अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।


