मेडिकल कॉलेज मेरठ में राष्ट्रीय युवा शक्ति कार्यक्रम हर्षोल्लास से संपन्न

मेरठ।
आज 12 जनवरी 2026 को मेडिकल कॉलेज मेरठ में राष्ट्रीय युवा शक्ति कार्यक्रम उप-प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक के मार्गदर्शन में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी को माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
शासन के निर्देशानुसार प्रातः 11 बजे ‘रन फॉर स्वदेशी’ का आयोजन किया गया। यह 2 किलोमीटर की दौड़ मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक भवन से प्रारंभ होकर कॉलेज प्रांगण में संपन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों, रेजिडेंट्स और संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. विरोत्तम तोमर एवं डॉ. उमंग अरोड़ा रहे। उन्होंने कहा कि भारत में हर वर्ष 12 जनवरी राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा का प्रतीक होता है। यह दिन युवाओं के लिए स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करता है।
उप-प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसके युवाओं की सोच और कार्यक्षमता पर निर्भर करती है। स्वामी विवेकानंद युवाओं के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं और उनका मानना था कि युवा शक्ति ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रीय युवा दिवस की थीम युवाओं की शिक्षा और रोजगार पर केंद्रित है, जिसका उद्देश्य नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।
स व भा प चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान ने कहा कि भारत सरकार ने स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय युवा दिवस घोषित कर युवाओं में आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण की चेतना जगाने का संकल्प लिया है।
कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने नाट्य, वाद-विवाद आदि गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रहित, चरित्र निर्माण और युवा नेतृत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. ललिता चौधरी ने की।
वाद-विवाद प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. प्रीति सिन्हा, डॉ. निधि वर्मा, डॉ. अरुणा वर्मा एवं डॉ. स्नेहलता वर्मा शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में रीतिका वर्मा ने प्रथम, अंजली यादव एवं रुद्र प्रताप ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा अवंतिका चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज मेरठ के संकाय सदस्य, सीनियर व जूनियर रेजिडेंट्स तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


