मवाना पुलिस और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर चोर गिरफ्तार, अवैध असलहा व चोरी का माल बरामद

मेरठ। थाना मवाना पुलिस एवं स्वॉट टीम (ग्रामीण) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं का सफल अनावरण किया है। इस दौरान पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार, चोरी में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना मवाना क्षेत्र निवासी अशोक कुमार पुत्र फूलचंद, निवासी मोहल्ला कल्याण सिंह, मवाना, ने थाने में तहरीर दी थी कि 3/4 दिसंबर 2025 की रात सुभाष चौक के पास स्थित सुभाष बुक डिपो, अग्रवाल साइकिल स्टोर एवं न्यू जैन मिष्ठान भंडार की दुकानों में छत के रास्ते प्रवेश कर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की गई। चोरों ने सुभाष बुक डिपो से करीब 8 से 10 हजार रुपये, न्यू जैन मिष्ठान भंडार से लगभग 15 से 16 हजार रुपये तथा अग्रवाल साइकिल स्टोर से करीब 5 से 6 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना मवाना पर मुकदमा संख्या 476/2025 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मवाना के निर्देशन में 15 दिसंबर 2025 को थाना मवाना पुलिस एवं स्वॉट टीम ग्रामीण ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मील बाईपास के पास से रिजवान पुत्र एहसान एवं सलमान पुत्र यूनुस, दोनों निवासी थाना इंचौली क्षेत्र, को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक अवैध रामपुरी चाकू, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी 15 डीवाई 8006, दो मोबाइल फोन तथा कुल 910 रुपये के सिक्के बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस की वृद्धि की गई है। साथ ही अवैध हथियारों की बरामदगी पर दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना मवाना में आयुध अधिनियम की धाराओं के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने गिरोह के सरगना शाहरुख पुत्र महताब, निवासी कस्बा लावड़ (वर्तमान पता लोनी, गाजियाबाद) के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने सितंबर माह में मवाना कस्बे के सुभाष चौक क्षेत्र में एक हार्डवेयर दुकान तथा कस्बा बहसूमा एवं दौराला में भी दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में थाना बहसूमा एवं थाना दौराला पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार सरगना की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।


