पुलिस लाइन मेरठ में हर्षोल्लास के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस, राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने ली परेड की सलामी

मेरठ,
मेरठ। पुलिस लाइन मेरठ में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश खटीक, राज्यमंत्री (जलशक्ति), रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली और उपस्थित पुलिसकर्मियों, विद्यार्थियों व नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि मेरठ की यह क्रांतिधरा 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की साक्षी रही है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान के बाद देश को आज़ादी मिली और डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में ड्राफ्टिंग कमेटी द्वारा निर्मित संविधान ने भारत को विश्व में विशिष्ट पहचान दिलाई।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने सराहा। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्साह से भर दिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान
राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने परेड कमांडर, पुलिसकर्मियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं और अध्यापक/अध्यापिकाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
संविधान की शपथ
कार्यक्रम में एसएसपी द्वारा उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को संविधान की शपथ भी दिलाई गई, जिससे संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया गया।


वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में एडीजी भानु भास्कर, आयुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, एसएसपी विपिन ताडा, सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एसपी देहात अभिजीत कुमार, एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा, अपर आयुक्त अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित रहे।



