एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में दीक्षांत समारोह व स्थापना दिवस वार्षिकोत्सव 2026, 239 विद्यार्थियों को मिलीं डिग्रियां, 45 गोल्ड मेडल प्रदान

मेरठ : लाला लाजपत राय स्मारक चिकित्सा महाविद्यालय (एलएलआरएम), मेरठ में बुधवार को स्थापना दिवस वार्षिकोत्सव एवं दीक्षांत समारोह–2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ शोभा यात्रा से हुआ, जिसके बाद मेडिकल छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर (प्रोफेसर) डॉ. राकेश गुप्ता, निदेशक, राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ग्रेटर नोएडा रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री विजय कुमार सिंह, आईएएस, जिलाधिकारी मेरठ, प्रो. हरे कृष्ण, कार्यवाहक कुलपति, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ, प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता एवं उप-प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक शामिल रहे। सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
99 एमबीबीएस और 140 पीजी विद्यार्थियों को डिग्रियां
प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। दीक्षांत समारोह के अंतर्गत एमबीबीएस परीक्षा में उत्तीर्ण 99 छात्रों तथा स्नातकोत्तर परीक्षाओं में उत्तीर्ण 140 छात्रों को कार्यवाहक कुलपति द्वारा डिग्रियां प्रदान की गईं।
इस अवसर पर डॉ. प्रीति सिन्हा, डीन एकेडमिक ने विद्यार्थियों को चिकित्सीय शपथ दिलाई।
45 गोल्ड मेडल और 102 विशेष योग्यता प्रमाण पत्र
इस वर्ष विद्यार्थियों को 45 गोल्ड मेडल, विभिन्न विषयों में 102 विशेष योग्यता प्रमाण पत्र, कुल 244 प्रमाण पत्र तथा 2 चल वैजयंती प्रदान की गईं।
फाइनल एमबीबीएस प्रोफेशनल पार्ट-2 में डॉ. याना कौशिक ने 2 गोल्ड मेडल व 6 प्रमाण पत्र प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। डॉ. रूशानी जैहरा द्वितीय स्थान पर रहीं और उन्हें श्री त्रिलोक जैन मेमोरियल गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
फाइनल एमबीबीएस प्रोफेशनल पार्ट-1 (बैच 2021) में द्विजा बाली ने 4 गोल्ड मेडल व 8 प्रमाण पत्र के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया और उन्हें एस.के. गोयल गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।
अन्य बैचों में भी एमबीबीएस प्रथम, द्वितीय व तृतीय प्रोफेशनल के मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।


बेस्ट इंटर्न, स्टूडेंट ऑफ द ईयर और पीजी टॉपर्स सम्मानित
- डॉ. गौरी मल्होत्रा (2020 बैच) को बेस्ट इंटर्न की डॉ. (श्रीमती) रजनी एवं डॉ. जी.एस. गुप्ता चल वैजयंती मिली।
- आयुष दीक्षित (2022 बैच) को मोस्ट पॉपुलर स्टूडेंट की शिवराज मेमोरियल चल वैजयंती प्रदान की गई।
- कु. इशिता सिंह (2022 बैच) को स्टूडेंट ऑफ द ईयर का प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता गोल्ड मेडल मिला।
पीजी विद्यार्थियों और आदर्श शिक्षकों का सम्मान
वर्ष 2021 व 2022 बैच के स्नातकोत्तर विषयों में सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों में स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।
इसके साथ ही प्राचार्य की पहल पर पहली बार छात्रों की रेटिंग के आधार पर छह आदर्श चिकित्सा शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
वार्षिक पुस्तिका ‘डेंड्राइट’ व डॉक्यूमेंट्री का विमोचन
समारोह में कॉलेज की वार्षिक पुस्तिका “DENDRITE” का विमोचन किया गया। छात्रों द्वारा तैयार की गई एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज पर आधारित डॉक्यूमेंट्री वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया और विजेता टीम को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन उप-प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक के निर्देशन में डॉ. गौरव गुप्ता द्वारा किया गया। मंच संचालन डॉ. अंशु टंडन एवं डॉ. मेघा कुलश्रेष्ठ ने किया। अंत में डॉ. धीरज राज, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, सरदार वल्लभ भाई पटेल चिकित्सालय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।


