पीईटी परीक्षा की तैयारियों का मेरठ डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

मेरठ। प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) 2025 को शांतिपूर्ण और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में शनिवार, 06 सितंबर 2025 को जिलाधिकारी मेरठ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने श्री सनातन धर्म बॉयज इंटर कॉलेज, एनएएस कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की तैनाती, परीक्षार्थियों की एंट्री-एग्जिट व्यवस्था, बैरिकेटिंग, पार्किंग, महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और अन्य सुरक्षा प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने साफ निर्देश दिए कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए समुचित पुलिस बल और व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।
शहर में कई केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे, ऐसे में प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि परीक्षा दिवस पर भी नियमित निगरानी जारी रहेगी और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा।


