डॉग कार्निवाल में बर्फी बनी ‘मिस पेटकाम’, जर्सी को मिला ‘मिस्टर पेटकाम’ का खिताब

मेरठ | डॉग कार्निवाल : मेरठ के साकेत स्थित स्पोर्ट्स क्लब में रविवार को एक निजी संगठन पेटकाम की ओर से डॉग कार्निवाल का भव्य आयोजन किया गया। इस अनूठे आयोजन में बड़ी संख्या में पशु प्रेमी अपने पालतू कुत्तों के साथ पहुंचे और पूरे परिवार के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। डॉग्स के लिए आयोजित फैशन शो और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।


कार्यक्रम के दौरान फैशन शो, फिटनेस और रचनात्मक गतिविधियों के आधार पर तानिया की डॉग बर्फी को ‘मिस पेटकाम’ और शलभ की डॉग जर्सी को ‘मिस्टर पेटकाम’ का खिताब प्रदान किया गया। विजेता डॉग्स को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 32 एमवीएच यूनिवर्सिटी के कमांडिंग ऑफिसर जे. एस. राठौर रहे। उन्होंने इस तरह के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि पालतू जानवर केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य होते हैं और उनके प्रति संवेदनशीलता समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देती है।

आयोजक अभिनव अग्रवाल एवं प्रियम अग्रवाल ने बताया कि डॉग कार्निवाल आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य इंसानों और जानवरों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना, बच्चों में करुणा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा पालतू जानवरों के स्वास्थ्य और देखभाल को लेकर जागरूकता फैलाना है।
कार्निवाल में डॉग फैशन शो के अलावा कई रचनात्मक खेल, फिटनेस एक्टिविटी और मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें डॉग्स और उनके मालिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से पालतू कुत्तों के स्वास्थ्य, पोषण और नियमित देखभाल के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

आयोजन में लगभग 300 से अधिक लोग अपने पालतू डॉग्स के साथ शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान साकेत स्पोर्ट्स क्लब का माहौल उत्साह, खुशी और पशु प्रेम से सराबोर नजर आया।


