एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ में बीएससी नर्सिंग व जीएनएम छात्रों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, फ्लोरेंस नाइटिंगेल की शपथ के साथ नई यात्रा का शुभारम्भ

मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज (एलएलआरएम), मेरठ के कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग में गुरुवार को बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम बैच 2025–2026 के छात्र-छात्राओं का द्वीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के ऑडिटोरियम में प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के उपकुलपति डॉ. मृदुल कुमार गुप्ता रहे। उन्होंने नर्सिंग को “एक आदर्श एवं सेवा-समर्पित पेशा” बताते हुए नव प्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नर्सिंग पेशा न केवल चिकित्सा क्षेत्र का आधार है, बल्कि मानवता के प्रति समर्पण की मिसाल भी है।
समारोह के दौरान कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग की प्राचार्या प्रोफेसर डॉ. एस. बालामनी बोस, श्रीमती बबीता गोस्वामी (मेट्रन, सरदार वल्लभभाई पटेल चिकित्सालय) एवं नर्सिंग संकाय के शिक्षकों द्वारा पारंपरिक रूप से द्वीप प्रज्वलन कराया गया, जो सेवा, करुणा और मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर टॉक ने नर्सिंग प्रोफेशन की गुणवत्ता, अनुशासन और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल पेशा नहीं, बल्कि एक दायित्व है, जिसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाना चाहिए।
समारोह के सबसे महत्वपूर्ण चरण में, श्रीमती शार्ली भंडारी (सीनियर नर्सिंग ऑफिसर एवं प्रदेश अध्यक्ष, राजकीय नर्सेज संघ, मेरठ) ने सभी नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं को नर्सिंग की प्रतिष्ठित फ्लोरेंस नाइटिंगेल शपथ दिलाई। इस दौरान विद्यार्थियों ने सेवा, करुणा, सहानुभूति और ईमानदारी के साथ अपने पेशे का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कॉलेज के सभी नर्सिंग शिक्षकगण एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण समारोह ने छात्रों के जीवन में नर्सिंग सेवा की नई शुरुआत को चिह्नित किया, जो आने वाले वर्षों में उन्हें स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।


