अरनावली में सिद्ध गुरु गोरखनाथ बाबा जाहरवीर मेला सम्पन्न, छप्पन भोग और झांकियों से गूंजा मंदिर प्रांगण

मेरठ। अरनावली गांव स्थित प्राचीन समाधि परिसर में इस वर्ष भी परंपरागत धूमधाम के साथ सिद्ध गुरु गोरखनाथ बाबा जाहरवीर मेला आयोजित किया गया। ओम श्री जाहरवीर गुरु गोरखनाथ सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में हर वर्ष की तरह शुक्ल पक्ष पर लगने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
महोत्सव का शुभारंभ बाबा गुरु गोरखनाथ महाकाल को छप्पन भोग अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत पांच ध्वज लेकर गोगामेड़ी प्रांगण में परिक्रमा निकाली गई। आयोजन में श्री परमधमनियां हिंद किसान मजदूर समिति और मतदाता समिति ने सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रशासनिक सहयोग और सम्मान
मेला स्थल पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे नायब तहसीलदार गौरव कुमार, थाना अध्यक्ष पूनम जादौन, चौकी प्रभारी हरिमोहन गौतम और अन्य सुरक्षाकर्मियों को ट्रस्ट अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, सचिव विशेष सांगवान, सतीश कुमार, त्रिलोक चंद, दिलबर शर्मा, सचिन शर्मा और राष्ट्रीय शूटर निकिता बालियां ने शॉल ओढ़ाकर व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
श्रद्धा और सांस्कृतिक रंग
ट्रस्ट अध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने बाबा जाहरवीर की महिमा का बखान करते हुए उन्हें ‘बागड़ के राजा’ के रूप में वर्णित किया। वहीं कवि नगर, गाजियाबाद से आए मोहित शर्मा ने राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, बाबा जाहरवीर और बजरंगबली की मनोहारी झांकियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।
यह वार्षिक मेला सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी दर्पण है, जहां ग्रामीण परंपरा और भक्तिभाव का अद्भुत संगम देखने को मिला।


