अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी की नौवीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत, पार्टी में आया था दोस्त के फ्लैट ; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, दोस्तों से पूछताछ जारी, सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में रविवार सुबह एक 28 वर्षीय युवक की नौवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। युवक शनिवार रात अपने एक दोस्त के फ्लैट पर आयोजित पार्टी में शामिल होने आया था। घटना के बाद सोसायटी परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विक्टर उर्फ मिक्की (28) के रूप में हुई है। वह शनिवार रात अपने एक मित्र के नौवीं मंजिल स्थित फ्लैट पर पार्टी में शामिल होने आया था। देर रात तक वह अपने चार-पांच दोस्तों के साथ फ्लैट में मौजूद था।
रविवार सुबह जब सोसायटी के निवासी मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तो उन्होंने परिसर में एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही मोरटा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। युवक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर की गई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पार्टी में मौजूद दोस्तों से पूछताछ
पुलिस ने बताया कि घटना के समय फ्लैट में चार से पांच अन्य युवक भी मौजूद थे। सभी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में दोस्तों ने किसी प्रकार के विवाद या मारपीट से इनकार किया है। वहीं, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम द्वारा फ्लैट और घटनास्थल का निरीक्षण भी कराया गया है।
प्रथम दृष्टया नशे में गिरने की आशंका
कार्यवाहक सहायक पुलिस आयुक्त (नंदग्राम) प्रियाश्री पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक नशे की हालत में बालकनी से गिरा होगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है और दुर्घटना, लापरवाही अथवा अन्य किसी पहलू सहित सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी और डिजिटल साक्ष्य भी खंगाले जा रहे
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच टीम सोसायटी परिसर और टावर के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना से पहले और उसके दौरान क्या परिस्थितियां थीं।
घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों पर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।



