सुभारती विश्वविद्यालय में “उद्यमम्–2026” खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव संपन्न, अंग्रेज़ी साहित्यिक सप्ताह का भी हुआ गरिमामय समापन

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के तत्वावधान में सुभारती कॉलेज ऑफ एलाइड एंड हेल्थ केयर द्वारा आयोजित वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव “उद्यमम्–2026” उत्साह, ऊर्जा और छात्र प्रतिभा के शानदार प्रदर्शन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महोत्सव में विद्यार्थियों ने खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर अनुशासन, टीमवर्क और रचनात्मकता का परिचय दिया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं में शतरंज, कैरम, बैडमिंटन, कबड्डी (बालक एवं बालिका), खो-खो (बालक एवं बालिका), रस्साकशी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल तथा क्रिकेट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत हेयरस्टाइल, मेकअप, फोटोग्राफी, फेस पेंटिंग, मेहंदी, नेल आर्ट, गायन, नृत्य, फैशन शो, नुक्कड़ नाटक सहित कई रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, आत्मविश्वास और मंचीय अभिव्यक्ति को नई पहचान दी।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पंकज किशोर मिश्रा ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महोत्सव का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विजेताओं एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।


इस आयोजन को सफल बनाने में प्रो. (डॉ.) उमेश कुमार, प्रो. (डॉ.) अंशु कुमार सिंह, डॉ. मीनाक्षी मिश्रा, डॉ. रविंद्र कुमार माणिक सहित संकाय सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
अंग्रेज़ी साहित्यिक सप्ताह–2026 का समापन
इसी क्रम में विश्वविद्यालय के कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के भाषा विभाग द्वारा आयोजित अंग्रेज़ी साहित्यिक सप्ताह–2026 का भी उत्साहपूर्ण समापन हुआ। सप्ताह भर चले इस आयोजन में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने नाट्य एकालाप, शोधपत्र प्रस्तुति, साहित्यिक प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, काव्य पाठ और अंग्रेज़ी गीत-गायन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. रफ़त खानम तथा विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को संप्रेषण कौशल, विश्लेषणात्मक सोच, सृजनात्मक अभिव्यक्ति और मंचीय आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिला।
समापन अवसर पर अधिष्ठाता प्रो. डॉ. सुधीर त्यागी सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
आयोजकों के अनुसार, यह सप्ताह केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित न होकर विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास और साहित्यिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करने का प्रभावी मंच साबित हुआ।



