सुभारती फाइन आर्ट्स संकाय को मिला “आनंद स्वर सम्मान-2025”, कला व संस्कृति में योगदान के लिए सम्मानित

मेरठ: कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित करने हेतु मंडी हाउस, नई दिल्ली स्थित त्रिवेणी कला संगम में वाणीश्री संस्था द्वारा आयोजित भव्य संगीत संध्या कार्यक्रम में “आनंद स्वर सम्मान-2025” प्रदान किया गया। इस अवसर पर सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के फाइन आर्ट्स संकाय को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ।
इस सम्मान को फाइन आर्ट्स कॉलेज के डीन व प्रिंसिपल डॉ. पिंटू मिश्रा ने स्वीकार किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान पूरे विभाग की टीम वर्क और वर्षों की समर्पित मेहनत का परिणाम है। डॉ. मिश्रा ने विभाग की सभी प्रमुख शिक्षकों – डॉ. भावना ग्रोवर, डॉ. पूजा गुप्ता, डॉ. विधि, डॉ. नेहा सहित समस्त फैकल्टी सदस्यों को इस उपलब्धि का श्रेय दिया।
कार्यक्रम में यह विशेष रूप से उल्लेख किया गया कि सुभारती फाइन आर्ट्स संकाय ने बहुत ही कम समय में कला, नृत्य और संगीत के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर चुके छात्र-छात्राएं आज देश के विभिन्न कोनों में विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी. के. शर्मा और कार्यकारिणी अधिकारी डॉ. शल्याराज ने पूरे संकाय को बधाई दी और आशा जताई कि भविष्य में भी विश्वविद्यालय कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपना उज्ज्वल योगदान देता रहेगा।
यह सम्मान सुभारती फाइन आर्ट्स कॉलेज के सतत नवाचार, गुणवत्ता शिक्षा और भारतीय कला-संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।



