श्रावण शिवरात्रि पर औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें, गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

मेरठ: श्रावण मास की पावन शिवरात्रि पर शनिवार को बाबा औघड़नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही हजारों की संख्या में शिवभक्त अपने आराध्य बाबा औघड़नाथ का जलाभिषेक करने मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंजायमान हो उठा।
श्रद्धालु देर रात से ही लाइन में लग गए थे और भक्ति भाव से अपने सिर पर गंगाजल लेकर मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचने का इंतजार करते दिखाई दिए। शिवभक्तों की टोलियां नंगे पांव, सिर पर कलश और हाथ में फूल-बेलपत्र लेकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए आगे बढ़ रही थीं।


मंदिर प्रशासन की ओर से जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पुलिस और स्वयंसेवकों द्वारा कतार में व्यवस्थित ढंग से भक्तों को प्रवेश कराया गया। कंट्रोल रूम से निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जा रही थी, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।
श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम
श्रद्धालुओं ने भगवान औघड़नाथ का जलाभिषेक कर मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की। भक्तों का मानना है कि श्रावण शिवरात्रि के दिन भगवान शिव का जलाभिषेक करने से समस्त पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है।


मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं के लिए जल वितरण, चिकित्सा सहायता, शौचालय और विश्राम की भी व्यवस्था की थी। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी से अपनी भूमिका निभाता नजर आया।


