रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया गाजियाबाद, नगर निगम ने प्रमुख चौराहों और मार्गों को सजाया

गाजियाबाद। दीपावली पर्व से पहले शहर रंग-बिरंगी रोशनी में नहाया हुआ है। नगर निगम के प्रकाश विभाग ने इस बार गाजियाबाद को नए रूप में सजाने का बीड़ा उठाया है। शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और ऐतिहासिक स्थलों को आकर्षक एलईडी लाइटों से सजाया गया है, जिससे पूरा शहर उत्सव की चमक में सराबोर दिखाई दे रहा है।
कलेक्ट्रेट रोड पर बनाए गए एलईडी लाइटिंग के द्वार ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। राहगीर यहां रुककर तस्वीरें खींच रहे हैं और नगर निगम की इस नई पहल की सराहना कर रहे हैं। वहीं, नगर निगम मुख्यालय और समस्त जोनल कार्यालयों को पहली बार इतने बड़े पैमाने पर आकर्षक रंगीन एलईडी पिक्सल प्रोग्रामिंग लाइट्स से सजाया गया है। यह तकनीकी रूप से उन्नत लाइटें हैं, जो कम बिजली की खपत के साथ शानदार रोशनी देती हैं।


नगर निगम द्वारा इस बार कलेक्ट्रेट के बाहर की रोड, हापुड़ चुंगी चौराहा, ठाकुरद्वारा रोड, अंबेडकर रोड, मोहन नगर एलिवेटेड रोड, वसुंधरा रोड, पुराना बस अड्डा चौक, नेहरू नगर चौक, महावीर चौक, दुर्गा भाभी चौक और शहीद स्थल को विशेष रूप से सजाया गया है।
वरिष्ठ प्रभारी प्रकाश एवं अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को लाइटिंग मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रभारी प्रकाश आश कुमार ने बताया कि शहर के ऐतिहासिक डासना गेट, दिल्ली गेट, जवाहर गेट और सिहानी गेट को भी रंगीन रोशनी और सजावटी लड़ियों से सजाया गया है।

लाइटिंग के साथ-साथ नगर निगम ने दीपावली के अवसर पर ग्रीन बेल्ट एरिया और मुख्य बाजारों में भी सौंदर्यीकरण का विशेष अभियान चलाया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रात में सफाई और नाइट स्वीपिंग की व्यवस्था बढ़ाई गई है ताकि दीपावली के दौरान शहर स्वच्छ और आकर्षक बना रहे।
नगर आयुक्त ने दीपावली पर सौंदर्यकरण और स्वच्छता कार्यों में सहयोग देने के लिए व्यापारी वर्ग की सराहना की है। नगर निगम की यह पहल न केवल शहर को रोशन कर रही है बल्कि गाजियाबाद के नागरिकों में उत्सव की उमंग और गर्व की भावना भी जगा रही है।


