मेरठ टोल प्लाजा पर सेना के जवान से बर्बरता, चार टोलकर्मी गिरफ्तार

मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र के भूनी टोल प्लाजा पर एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों और देशभर में आक्रोश फैला दिया है। यहां टोलकर्मियों ने भारतीय सेना के जवान कपिल के साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि उसे खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा।
जानकारी के अनुसार, जवान कपिल जब टोल प्लाजा से गुजर रहे थे, तो स्टाफ ने उनसे टोल की मांग की। जवान ने तुरंत अपना पहचान पत्र (I-card) दिखाकर अपनी पहचान स्पष्ट की, लेकिन टोलकर्मी नहीं माने। इसी बात पर विवाद बढ़ता चला गया और मामला हाथापाई में बदल गया। टोल प्लाजा कर्मचारियों ने जवान को खंभे से बांध दिया और उसके साथ बर्बरता की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। सरूरपुर थाना पुलिस ने मामले में 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भारतीय सेना के जवान के साथ हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि देश की रक्षा करने वाले जवान का इस तरह अपमान और उत्पीड़न बेहद निंदनीय है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए।



