मेरठ: खेत की नपाई के विवाद में किसान की मौत, परिवार और किसानों में उबाल, राकेश टिकैत पहुंचे परिजनों से मिलने

✍️ लोकल पोस्ट संवाददाता | मेरठ | 11 जून 2025
प्रगति नगर निवासी 40 वर्षीय किसान मनोहर की दर्दनाक मौत ने मेरठ के ग्रामीण इलाकों में आक्रोश की लहर दौड़ा दी है। रविवार को अब्दुल्लापुर स्थित अपने खेत पर काम कर रहे मनोहर को लेकर विवाद उस वक्त शुरू हुआ, जब मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) की टीम बिना पूर्व सूचना के जमीन की नपाई करने पहुंची।
किसान मनोहर ने इसका विरोध किया और चेतावनी दी कि यदि कार्य नहीं रोका गया, तो वह आत्महत्या कर लेगा। बावजूद इसके, टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखी। इससे व्यथित होकर मनोहर पास के एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी दी।
नीचे गिरने से हुई मौत, प्रशासन पर गंभीर आरोप
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतारने का प्रयास कर रही थी, तभी मनोहर का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई।
शव रखकर कलेक्ट्रेट पर हंगामा, भाकियू की एंट्री
मंगलवार को मृतक के परिजनों और क्षेत्र के किसानों ने शव को कलेक्ट्रेट पर रखकर प्रदर्शन किया और उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। मामला बढ़ता देख बुधवार सुबह भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत मृतक के प्रगति नगर स्थित घर पहुंचे।

“तीन बेटियों के पिता को न्याय दिलाएंगे” – राकेश टिकैत
राकेश टिकैत ने परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि
“मनोहर के परिवार को न्याय दिलाना भाकियू की प्राथमिकता है। जिन अधिकारियों की लापरवाही से यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है, उन्हें जवाब देना होगा।“
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि
“यदि मृतक के परिवार को मुआवजा और नौकरी नहीं दी गई, तो हम सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।“
इसके बाद टिकैत परिजनों को साथ लेकर जिला प्रशासन से मिलने रवाना हुए।
किसानों की मांगें:
- मृतक किसान के परिवार को आर्थिक मुआवजा
- परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी
- दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई


सवालों के घेरे में प्रशासन
यह मामला अब सिर्फ एक किसान की मौत तक सीमित नहीं रह गया है, किसान संगठनों का आरोप है कि अधिकारी किसानों की भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को बलपूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं, जिसमें न बातचीत होती है, न पारदर्शिता।
📍 स्थान: अब्दुल्लापुर, मेरठ
🧑🌾 मृतक किसान: मनोहर (40 वर्ष), निवासी – प्रगति नगर
👧 परिवार: पत्नी व तीन छोटी बेटियां
📆 घटना तिथि: 9 जून (रविवार)
⚖️ मांगें: मुआवजा, नौकरी, दोषियों पर कार्रवाई


