मुरादनगर के प्राथमिक विद्यालय अमीरपुर गढ़ी में पर्यावरण संरक्षण पर शैक्षिक संगोष्ठी और वृहद पौधारोपण कार्यक्रम सम्पन्न

मुरादनगर (गाजियाबाद): पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय अमीरपुर गढ़ी में एक प्रेरणादायक शैक्षिक संगोष्ठी और वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. अनुज त्यागी ने किया, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता और उसकी महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि “वातावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने के लिए पेड़ों का होना अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वायुमंडल से हानिकारक गैसों को अवशोषित कर पर्यावरण को स्वस्थ बनाए रखते हैं। आज जिस तेजी से प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हो रहा है, वह हमारे लिए एक चेतावनी है। अगर हमें आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित जीवन देना है तो हमें वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा।”
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बिजेंद्र कुमार, श्रुति तिवारी, रामकिशोर गौतम, रेखा, शीला सहित कई ग्रामवासी एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे। गांव के प्रबुद्ध जनों और छात्रों ने भी संगोष्ठी में हिस्सा लिया।
संगोष्ठी के दौरान “एक पौधा मां के नाम” अभियान के अंतर्गत ग्रामवासियों को पौधे वितरित किए गए। सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की भी शपथ ली। इसके पश्चात विद्यालय प्रांगण में सामूहिक रूप से पौधे रोपे गए, जिसमें नीम, पीपल, गुड़हल और अमरूद जैसे पौधों को प्राथमिकता दी गई।
डॉ. अनुज त्यागी ने बताया कि विद्यालय की यह परंपरा रही है कि समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को क्रियान्वित किया जाता रहा है। बच्चों को शुरू से ही प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण के प्रति समर्पण और संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी ने यह वचन दिया कि न सिर्फ पौधा लगाएंगे, बल्कि उसकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।



