मुठभेड़ के बाद एक लाख का इनामी बदमाश शहजाद की मौत

सहारनपुर: सहारनपुर पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी और हिस्ट्रीशीटर अपराधी शहजाद घायल हो गया, जिसकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोपी पर गौकशी समेत कई गंभीर मामलों में वांछित होने का आरोप था।
पुलिस के अनुसार शहजाद, ग्राम गन्देवड़ा थाना फतेहपुर का निवासी था और वह चार मुकदमों में वांछित चल रहा था। उस पर पेशेवर रूप से गौकशी करने के आरोप भी लगे थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कुल 44 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
बताया गया कि पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ के दौरान शहजाद घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विधिक प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है और मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।


