मिलावटी कुट्टू का आटा खाने से बीमार हुए पीड़ितों से प्यारेलाल अस्पताल मिलने पहुंचा आम आदमी पार्टी मेरठ का प्रतिनिधिमंडल

मेरठ: नवरात्रि के पर्व पर मिलावटी कुट्टू के आटे के सेवन से बीमार हुए दर्जनों लोगों का हालचाल जानने के लिए आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी प्यारेलाल अस्पताल पहुंचे। बीमार मरीजों से मुलाकात कर उनकी स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए चौधरी ने घटना की गंभीरता को लेकर कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की।
अंकुश चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक सुदेश कुमारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अशोक कटारिया और सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक सिंह से फोन पर बात की। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा, “त्योहार शुरू हो चुके हैं और लोग बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते हैं। आपने त्योहारों से पहले कितनी दुकानों से सैंपल इकट्ठे किए? अगर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वाह करते तो शायद ऐसी घटना नहीं होती।”
उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि इस तरह की घटनाएं तभी रुक सकती हैं जब खाद्य सुरक्षा से जुड़े अधिकारी अपनी भूमिका को गंभीरता से लें। साथ ही उन्होंने मांग की कि दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। चौधरी ने कहा, “जिन्होंने इस मिलावट में भूमिका निभाई है, उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी लोगों की जान से खिलवाड़ है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
जिला मीडिया प्रभारी हर्ष वशिष्ठ ने भी प्रशासन से मिलावटखोरी के खिलाफ कठोर कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा, “हमारी मांग है कि दोषियों को सख्त सजा दी जाए और मामले की पूरी जांच हो, ताकि आने वाले समय में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।”
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के साथ जिला मीडिया प्रभारी हर्ष वशिष्ठ, कैंट विधानसभा अध्यक्ष भरत लाल यादव, एससी-एसटी जिलाध्यक्ष भूप सिंह, जिला सचिव सचिन वाल्मीकि, अमजद मलिक और किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष फुरकान त्यागी भी शामिल रहे। सभी ने मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन से ठोस कदम उठाने की अपील की और पीड़ितों के परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।



