बारात में हर्ष फायरिंग से 22 वर्षीय युवती की मौत, दूल्हा–परिजन फरार
मेरठ। सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बावजूद जिले में हर्ष फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। सोमवार रात लिसाड़ी गेट क्षेत्र के श्यामनगर में एक बारात में चली करीब 20 राउंड गोलियों ने 22 वर्षीय युवती की जान ले ली। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और दूल्हा सहित उसका परिवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया है।
श्यामनगर निवासी शाहनवाज़ के बेटे शकील की बारात फफूंद के लिए निकली थी। रात करीब 9:30 बजे दूल्हा कार में बैठ चुका था, तभी बारातियों ने ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। पास ही अपने ननिहाल में आई किराना व्यापारी अरशद की बेटी अक्षा, जो अपने दादा यामीन के घर की छत से बारात देख रही थी, अचानक चली गोली उसके पेट में जा लगी। परिजन उसे तुरंत केएमसी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता अरशद ने दूल्हा शकील और उसके भाई समेत बारातियों के खिलाफ नामज़द तहरीर दी है।
एसपी कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आया कि दूल्हा और उसका भाई भी फायरिंग कर रहा था। आरोपितों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है।

