बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण, राहत किट वितरण व जनजागरूकता अभियान

मेरठ : मेरठ मंडल के संयुक्त निदेशक डॉ. अशोक तालियां ने आज बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ चौकियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया और प्रभावित नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी जरूरतों और समस्याओं को सुना। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की और उन्हें बाढ़ के बाद फैलने वाले रोगों से बचाव के उपाय बताए।
निरीक्षण के दौरान जिला आपदा नोडल अधिकारी डॉ. अंकुर त्यागी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में लक्षणयुक्त मरीजों का तुरंत मलेरिया परीक्षण किया जाए, ताकि किसी भी संभावित प्रकोप को समय रहते रोका जा सके।
डॉ. रक्षित चौधरी ने स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाढ़ के बाद चर्म रोग, दस्त और अन्य संक्रामक बीमारियों से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है समय पर सतर्कता और स्वच्छता। उन्होंने साफ पानी पीने, खुले में गंदगी न फैलाने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
हस्तिनापुर प्रभारी डॉ. अमित त्यागी अपनी स्वास्थ्य टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य विभाग बाढ़ प्रभावित नागरिकों के लिए चौबीसों घंटे सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
यह निरीक्षण और जनजागरूकता अभियान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


