बर्थडे पार्टी में खूनी वारदात, जीजा ने साले की चाकू से गोदकर हत्या

- डांस को लेकर हुआ विवाद बना जानलेवा, एक घंटे में आरोपी गिरफ्तार
मेरठ।
शहर के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में एक बर्थडे पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब डांस को लेकर हुए विवाद में जीजा ने अपने साले की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना लिसाड़ी गांव, गुर्जर चौक के पास की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बर्थडे पार्टी के दौरान जीजा और साले के बीच डांस करने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आए जीजा ने चाकू निकालकर साले के सीने और दिल के पास कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल साले को परिजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जीजा मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही लिसाड़ीगेट थाना पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक घंटे के भीतर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण आपसी विवाद सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

