फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन एओए द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर भव्य आयोजन का हुआ सफल समापन

गाजियाबाद: फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन एओए द्वारा रविवार को विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की वी वी आई पी सोसाइटी के क्लब में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक नगर आयुक्त अंगद गुप्ता, फेडरेशन अध्यक्ष सचिन त्यागी, उपाध्यक्ष डॉ. सुबोध गुप्ता, महासचिव डॉ. सीमा शर्मा एवं आयोजन समिति के सभी सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में चार सत्र आयोजित किए गए, जिनमें-
प्रथम सत्र: ड्रॉइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता इस सत्र में राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में रह रहे बच्चों के लिए ड्रॉइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 3 वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में 24 बच्चों ने भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

द्वितीय सत्र: सोसाइटीज के प्रतिनिधियों की गोल मेज सभा इस सत्र में राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श के लिए एक गोल मेज सभा का आयोजन किया गया। सभा में क्षेत्रीय समस्याओं जैसे कूड़ा निस्तारण, सफाई, अतिक्रमण, यातायात, प्रदूषण, अग्निशमन केंद्र, डाकखाना, सड़कों की मरम्मत, भू-जल स्तर में गिरावट आदि पर चर्चा की गई। उपस्थित सभी ने इन समस्याओं को क्षेत्र की सार्वजनिक समस्या मानते हुए हस्ताक्षर किए।
तृतीय सत्र: स्वास्थ्य एवं जीवनशैली पर चर्चा एवं वचन-पत्र हस्ताक्षरित इस सत्र में नारायण हॉस्पिटल समूह के डॉक्टरों ने स्वास्थ्य एवं जीवनशैली विषय पर चर्चा की। साथ ही, फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन एओए और नारायण हॉस्पिटल समूह के बीच एक वचन-पत्र (MOU) हस्ताक्षरित किया गया, जिसके तहत अस्पताल समूह द्वारा फेडरेशन के सदस्यों को स्वास्थ्य सेवाओं पर छूट प्रदान की जाएगी।
चतुर्थ एवं अंतिम सत्र: सामुदायिक उत्कृष्टता पुरस्कार एवं सम्मान इस सत्र में 17 सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप 15 वर्गों में सामुदायिक उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, विभिन्न सेवाओं और कार्यों के लिए 66 लोगों को सम्मानित किया गया।


समापन एवं धन्यवाद ज्ञापन: कार्यक्रम का समापन फेडरेशन अध्यक्ष सचिन त्यागी द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, आयोजन समिति के सदस्यों, मीडियाकर्मियों, और नारायण हॉस्पिटल समूह के प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए फेडरेशन द्वारा किए गए प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
पर्यावरण संरक्षण: कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया। भोजन में पुन: प्रयोज्य अथवा कागजी क्रॉकरी का प्रयोग किया गया। आयोजन स्थल पर जूट-बैग और स्टील की पानी की बोतलें वितरित की गईं।
यह कार्यक्रम राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के निवासियों के बीच काफी लोकप्रिय रहा। लोगों ने कार्यक्रम की सराहना की और फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन एओए के प्रयासों को सराहा।


