
मेरठ: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज दिनांक 21 जून 2024 को पुलिस लाइन्स स्थित परेड ग्राउंड में योग शिविर का आयोजन किया गया। उक्त योग शिविर में अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन, मेरठ, पुलिस महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र मेरठ, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात/लाईन्स, समस्त क्षेत्राधिकारी लाइन्स, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाईन्स की विभिन्न मदों/शाखाओं आदि में नियुक्त पुलिस कर्मी सम्मिलित हुए।
योग शिविर में योगाचार्य मीनाक्षी कौशिक, मनीष वशिष्ठ और अमित कुमार द्वारा योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने योग क्रियाओं, योगासनों और विभिन्न बीमारियों से निपटने में योग के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग एक आध्यात्मिक प्रक्रिया है जो शरीर, मन और आत्मा को एक साथ लाने का काम करती है।

अनेक शोधों में पाया गया है कि डायबिटीज, हाइपरटेंशन, थायरॉयड, कैंसर और किडनी रोग जैसी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार में योग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। योग तनाव हार्मोन कोर्टिसोल के स्तर को कम करने में भी मददगार है। इससे मस्तिष्क को शरीर के खतरे में होने का संदेश नहीं जाता और यह प्रतिरोधक तंत्र को अति सक्रिय होने से रोकता है।
योगाचार्यों ने शिविर में विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया, जिनमें स्वस्तिकासन, गोमुखासन, गोरक्षासन, अर्द्धमत्स्येन्द्रासन, योगमुद्रासन, सर्वांगासन, प्राणायाम (अनुलोम-विलोम प्राणायाम), कपालभाति प्रणायाम और भ्रामरी प्राणायाम आदि शामिल थे।
उक्त योग शिविर को हरपाल सिंह प्रतिसार निरीक्षक द्वारा मदों में नियुक्त कर्मियों के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।


