दिल्ली पब्लिक स्कूल गाजियाबाद, मेरठ रोड में “उड़ान” का भव्य समापन समारोह सम्पन्न

गाजियाबाद: दिल्ली पब्लिक स्कूल गाजियाबाद, मेरठ रोड में “उड़ान” कार्यक्रम का भव्य समापन समारोह अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के छात्रों की प्रतिभा, सृजनात्मकता और कलात्मक कौशल का एक अद्भुत प्रदर्शन रहा।
कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि दीपक महाराज (पं0 बिरजू महाराज के सुपुत्र), विशिष्ट अतिथि संकल्प श्रीवास्तव, आभा बंसलऔर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मधुर संगीत की प्रस्तुति से वातावरण को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत की सुरीली धुनों ने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक तरीके से किया गया। गणेश वंदना के माध्यम से मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम को प्रारंभ किया गया, जिसने समारोह को आध्यात्मिक और शुभ आयाम प्रदान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति वासन ने अपने ओजस्वी वचनों से छात्रों की प्रतिभा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि “अभिव्यक्ति की उड़ान” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। तदोपरांत विद्यालय गीत की मधुर प्रस्तुति ने सभी के हृदय में विद्यालय के प्रति गौरव का भाव जाग्रत कर दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नृत्य प्रस्तुति में छात्रों ने लयबद्धता और ऊर्जा का अद्भुत प्रदर्शन किया। पर्यावरण संरक्षण पर आधारित थिएटर एक्ट ने सामाजिक चेतना का संदेश दिया और दर्शकों को पर्यावरण के प्रति अपने दायित्व का स्मरण कराया। नृत्य की गरिमा और सौंदर्य को प्रदर्शित किया। विजेता टीम द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने सामाजिक मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से उठाया और दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। विजेता नृत्य टीम की प्रस्तुति ने अपनी ऊर्जा, समन्वय और कलात्मकता से सभी को आह्लादित कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में छात्रों के बहुमुखी विकास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करते हैं। कार्यक्रम की एक विशेष झलक अभिभावकों द्वारा प्रस्तुत फैशन शो था, जिसमें अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विद्यालय समुदाय की एकता को दर्शाया। इस अनूठी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में एक नया आयाम जोड़ा और सभी दर्शकों का मनोरंजन किया।
समारोह का समापन भांगड़ा की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ हुआ। जोशीले भांगड़ा ने सभी दर्शकों को अपनी कुर्सियों से उठने पर मजबूर कर दिया और पूरा सभागार उत्साह से गूंज उठा। इस ऊर्जावान प्रस्तुति ने कार्यक्रम को एक यादगार समापन दिया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अध्यापिका ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन दिया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और सभी छात्रों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक समारोह नहीं, बल्कि विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास और समर्पण का प्रतीक है।

