गाजियाबाद में ‘ग्रीनाथान’ का भव्य आयोजन, दौड़ के साथ लगाया गया प्रकृति संरक्षण का बीज

गाजियाबाद: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर ग्रीन गाजियाबाद’ के तहत ‘ग्रीनाथान’ का आयोजन रविवार को राजनगर स्थित सिटी फॉरेस्ट में बड़ी धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अनूठे आयोजन में प्रकृति संरक्षण, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता का अनुपम संगम देखने को मिला।
सुबह 5 बजे से ही सिटी फॉरेस्ट परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण बन गया। प्रतिभागियों और उनके परिजनों की मौजूदगी से परिसर गुलजार हो उठा। जुम्बा और भांगड़ा की प्रस्तुति ने सुबह को और ऊर्जावान बना दिया। 5:30 बजे से 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन की शुरुआत हुई, जो एलिवेटेड रोड से होते हुए आयोजित की गई। मार्ग पर जगह-जगह हाइड्रेशन पॉइंट्स और वालंटियर सपोर्ट स्टेशन्स लगाए गए थे, जिससे प्रतिभागियों को पूर्ण सहयोग मिल सका।


विजेताओं को किया गया सम्मानित
हाफ मैराथन की पुरुष श्रेणी में आकाश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, महिलापाल सिंह ने द्वितीय स्थान और जय प्रकाश ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में सुमन ने बाजी मारी।
10 किलोमीटर दौड़ में पुरुषों में कपिल पाल पहले, आयुष दूसरे और संजय कुमार तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में दीपांशु जोशी पहले, मंजू बाना दूसरे और तोपमाया गुरंग तीसरे स्थान पर रहीं।
5 किलोमीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में अभिनंदन त्यागी प्रथम और प्रियांशू तृतीय स्थान पर रहे, जबकि महिला वर्ग में मीराया माहेश्वरी और राखी त्यागी ने बाजी मारी।
खास बात यह रही कि 67 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी महिलापाल सिंह ने हाफ मैराथन में दूसरा स्थान हासिल कर सभी को प्रेरित किया।

एक दौड़, एक पेड़ माँ के नाम
कार्यक्रम का एक खास आकर्षण था—“एक दौड़, एक पेड़ माँ के नाम”, जिसके अंतर्गत दौड़ के बाद वृक्षारोपण का भी आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से प्रकृति के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और ज़िम्मेदारी की भावना को समाज में प्रसारित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता
इस आयोजन में साहिबाबाद विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री श्री सुनील शर्मा, महापौर श्रीमती सुनीता दयाल, सांसद श्री अतुल गर्ग, सदर विधायक श्री संजीव शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल, जिलाधिकारी श्री दीपक मीणा, पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़, प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्री अतुल वत्स, प्राधिकरण बोर्ड सदस्य श्री पवन गोयल, यशोदा समूह के निदेशक डॉ. पी.एन. अरोड़ा, पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को मैडल, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही सभी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

गाजियाबाद बना बदलाव का प्रतीक
इस अवसर पर वक्ताओं ने गाजियाबाद में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जहां कभी गाजियाबाद अपराध और भीड़भाड़ के लिए जाना जाता था, अब वहां ग्रीनाथान जैसे जागरूकता अभियान हो रहे हैं। यह परिवर्तन आने वाले समय में गाजियाबाद को एक हरित, सुरक्षित और समर्पित शहर के रूप में स्थापित करेगा।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्री अतुल वत्स ने कहा कि यह शुरुआत न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम है, बल्कि हरनंदी नदी के किनारे पौधरोपण के माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों को मूर्त रूप देने का भी प्रयास है।


