गाजियाबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी: हत्या का वांछित ₹25,000 इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, अवैध असलहा और चोरी की बाइक बरामद

📍 रिपोर्ट: लोकल पोस्ट संवाददाता, गाजियाबाद
गाजियाबाद। जिले की मुरादनगर पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के एक मामले में वांछित चल रहा ₹25,000 का इनामी बदमाश अजय उर्फ मिनी उर्फ छोटू को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ रविवार रात 22/23 जून 2025 की दरमियानी रात को सलेमाबाद झाल के पास हुई।
कैसे हुआ मुठभेड़:
पुलिस के अनुसार, मुरादनगर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के तहत लगातार चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध को रोका गया, जो पुलिस को देखकर हुसैनपुर रोड की ओर भागने लगा। पीछा करने पर जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अभियुक्त के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।


घायल बदमाश की पहचान अजय उर्फ मिनी उर्फ छोटू पुत्र राजवीर, निवासी ग्राम मिल्क रावली, थाना मुरादनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। उसके पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, और चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हत्या में संलिप्तता की स्वीकारोक्ति:
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने 18 जून 2025 को मुरादनगर क्षेत्र में हुई हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। उसने बताया कि वह अपने गांव लौट रहा था, तभी पुलिस चेकिंग में पकड़ा गया। मुरादनगर थाने में उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा पहले से दर्ज है, और उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जांच भी की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
- स्वाट टीम ग्रामीण जोन
- थाना मुरादनगर पुलिस टीम
पुलिस का बयान:
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि मुरादनगर क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया जा रहा है और ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के इस साहसिक अभियान से इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।



