गाज़ियाबाद में वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस ऑन कंप्रीहेंसिव क्रिटिकल केयर और ब्रोंकोपल्मोनरी वर्ल्ड कांग्रेस का हुआ भव्य समापन

1400 से अधिक देश-विदेश के विशेषज्ञों ने तीन दिवसीय चिकित्सा महाकुंभ में लिया भाग
गाज़ियाबाद। चिकित्सा जगत की दो अंतरराष्ट्रीय स्तरीय बड़ी कॉन्फ्रेंस — वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस ऑन कंप्रीहेंसिव क्रिटिकल केयर (W4C) एवं ब्रोंकोपल्मोनरी वर्ल्ड कांग्रेस (BWC) — का तीन दिवसीय भव्य आयोजन रविवार को सफलता के साथ संपन्न हुआ। इस अभूतपूर्व आयोजन में देश और विदेश से आए 1400 से अधिक विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया और गंभीर चिकित्सा विषयों पर विचार साझा किए।
रविवार को सम्मेलन का आरंभ योग सत्र से हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने डॉक्टर संदीप वार्ष्णेय और डॉ वी बी जिंदल के साथ सुबह 6:30 से 7:30 तक योगाभ्यास किया। इसके पश्चात 8:30 बजे से व्याख्यान सत्रों की शुरुआत हुई, जो पूरे दिन पांच अलग-अलग हॉलों में जारी रहे।
इस दिन कुल 150 वैज्ञानिक व्याख्यान आयोजित हुए, जिनमें ईसीएमओ, हॉट टॉपिक्स इन आईसीयू, रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी, इंटरवेंशनल पल्मनोलॉजी, की-नोट एड्रेस, ब्रोंकोस्कॉपी, पीडियाट्रिक ईबीयूएस, और निमोनिया जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। निमोनिया सत्र में डॉ आलोक नाथ, डॉ निखिल सारंगधर, डॉ पवन तिवारी, डॉ सुधीर कुमार और डॉ आलोक तिवारी जैसे ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञों ने ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिए।

इसके अलावा, खर्राटों के इलाज पर डॉ आशीष गौतम ने, सी-पैप तकनीक पर डॉ मनोज चोपड़ा ने तथा क्रॉनिक लंग डिजीज पर डॉ विनी कानतरू ने जानकारी साझा की। चिकित्सा जगत के इन विविध और अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों को सुनने के लिए छात्रों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का उत्साह देखने लायक था।
कॉन्फ्रेंस के समापन पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष डॉ आशीष अग्रवाल, उपाध्यक्ष डॉ वी बी जिंदल, डॉ विरोत्तम तोमर एवं कॉन्फ्रेंस सचिव डॉ ज्ञानेंद्र अग्रवाल ने उपस्थित सभी विशेषज्ञों, वक्ताओं, आयोजकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और सम्मेलन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
गाजियाबाद में आयोजित इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय स्तरीय चिकित्सा कांफ्रेंस ने न केवल शहर को गौरवान्वित किया, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा देने का कार्य भी किया।


