कांवड़ सेवा में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी निभा रही है अहम भूमिका, कांवड़ियों को मिल रही स्वास्थ्य राहत

गाजियाबाद: सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान, श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी संस्थाओं में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद एक प्रमुख भूमिका निभा रही है। आज रविवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर गाजियाबाद के नंदग्राम मंडल उपाध्यक्ष डॉ. अभिषेक शर्मा ने राजनगर एक्सटेंशन स्थित कांवड़ सेवा शिविर का दौरा किया और रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता को उनकी टीम के इस सराहनीय योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
डॉ. अभिषेक शर्मा ने कहा, “कांवड़ यात्रा एक पवित्र धार्मिक अनुष्ठान है जिसमें लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस यात्रा के दौरान उन्हें कई तरह की शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिनमें छाले, थकान, चोटें व अन्य स्वास्थ्य समस्याएं शामिल हैं। ऐसे समय में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा लगाया गया यह सेवा शिविर कांवड़ियों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।”
इस सेवा शिविर में रेड क्रॉस की टीम द्वारा प्राथमिक उपचार, दवाइयों की सुविधा, ड्रेसिंग, थकान निवारण की व्यवस्था तथा जरूरतमंदों को विश्राम सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। शिविर में डॉक्टरों की एक प्रशिक्षित टीम हर समय तैनात है जो बिना किसी शुल्क के सेवा कर रही है।
डॉ. सुभाष गुप्ता (सभापति) और डॉ. किरण गर्ग (सचिव) के नेतृत्व में रेड क्रॉस की यह सेवा भावना कांवड़ियों के लिए एक मजबूत सहारा बनकर सामने आई है। इस दौरान रेड क्रॉस की टीम ने यह संदेश भी दिया कि सेवा धर्म का सबसे श्रेष्ठ रूप है।
डॉ. अभिषेक शर्मा ने कहा, “रेड क्रॉस की यह निःस्वार्थ सेवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और इस पुण्य प्रयास के लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है। आने वाले वर्षों में भी ऐसी सेवाएं और सशक्त रूप में आगे बढ़ें, यही हमारी शुभकामना है।”



