कविनगर रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिरकर कार दुर्घटनाग्रस्त, पिता की मौत, पुत्र गंभीर रूप से घायल

गाज़ियाबाद। कविनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक कार अचानक कविनगर रेलवे ओवरब्रिज से नीचे गिरकर लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय कैंपस में जा गिरी। हादसे में संजय नगर निवासी पिता–पुत्र कार में सवार थे, जिनमें पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ओवरब्रिज से गुजर रही थी तभी अचानक नियंत्रण खो बैठी और रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया, जबकि पुत्र की हालत नाज़ुक बताई जा रही है और वह आईसीयू में भर्ती है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के नियंत्रण खोने या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
परिवार में हादसे की सूचना के बाद कोहराम मचा हुआ है।

