संस्कार भारती राजनगर एक्सटेंशन की बैठक में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का हुआ सम्मान

गाज़ियाबाद : अजनारा इंटीग्रिटी के कार्ड रूम में संस्कार भारती राजनगर एक्सटेंशन के संस्कार मित्रों की बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र और सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया और संयोजक एवं संयोजिकाओं के दायित्वों पर विस्तृत चर्चा हुई।
महानगर के कार्यकारी अध्यक्ष अतुल प्रकाश भटनागर ने कहा कि “राष्ट्र के कार्य को करने के लिए हमें अपने अंतःकरण को सशक्त बनाना होगा। यही शक्ति हमें समाज और संस्कृति के लिए सतत कार्य करने की प्रेरणा देती है।”
इस अवसर पर डॉ. अभिषेक शर्मा ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सच्ची शिक्षा वह है, जो केवल जानकारी नहीं देती बल्कि जीवन में सामंजस्य और सद्भाव से आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती है। उन्होंने बताया कि शिक्षक दिवस मनाने का उद्देश्य शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान को स्मरण करना है।
कार्यक्रम में प्राची मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा, शिक्षक और छात्र का सामंजस्य अत्यंत आवश्यक है। इसी कड़ी में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित शिक्षकों में डॉ. अभिषेक शर्मा, अतुल प्रकाश भटनागर, ज्ञान प्रकाश, प्राची मिश्रा, डॉ. विन्दू वराच, डॉ. सरिता गर्ग और अमृता श्रीवास्तव शामिल रहे। इस सम्मान ने न केवल शिक्षकों का उत्साह बढ़ाया बल्कि समाज में शिक्षा के महत्व को भी और अधिक गहराई से स्थापित किया।



