संक्रांति मंदिर वसुंधरा में मातृ शक्ति ने धूमधाम से मनाया ‘श्री जी रंगोत्सव’

वसुंधरा (गाजियाबाद)। सेक्टर-13 स्थित संक्रांति मंदिर परिसर में रविवार को मातृ शक्ति के नेतृत्व में “श्री जी रंगोत्सव” एवं “श्री जी होलिकोत्सव” का आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्तिक संकीर्तन मंडल के सदस्यों द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर ट्रस्टीगण की धर्मपत्नी बाला शर्मा, संगीता रावत, रेनू महंत, राजेश चौधरी और मोना राणा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद भक्ति संकीर्तन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर राधा-कृष्ण एवं सखियों की झांकी के साथ श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेली, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रंगों और पुष्प वर्षा के बीच भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ उत्सव का आनंद लिया।
रंगोत्सव की अध्यक्ष मनीषा बिंजोला ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा और आपसी सद्भाव को बढ़ाते हैं। उपाध्यक्ष गीता कपूर सहित संतोष मिश्रा, सुनीता तोमर, किरण पांडे, मधु शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, अंजली गुप्ता और संध्या सहित सैकड़ों की संख्या में मातृ शक्ति की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
आयोजकों ने बताया कि होली के पावन पर्व से पूर्व आयोजित इस रंगोत्सव का उद्देश्य समाज में प्रेम, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश फैलाना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और भक्तों के सामूहिक आशीर्वाद ग्रहण के साथ हुआ।



