शहीदी दिवस पर भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु को दी श्रद्धांजलि

गाजियाबाद, सोमवार। शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के 96वें शहीदी दिवस के अवसर पर सोमवार को सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी (सुभास पार्टी) द्वारा जगदीश नगर स्थित कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तीनों क्रांतिकारियों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 23 मार्च 1931 को लाहौर जेल में ब्रिटिश हुकूमत ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को फांसी दी थी, जिसने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भगत सिंह के पास देश को आजादी दिलाने की स्पष्ट सोच और योजना थी। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और मजबूत राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
प्रदेश प्रभारी (उत्तर प्रदेश एवं बिहार) अनिल सिन्हा ने कहा कि भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, चंद्रशेखर आजाद और सुभाषचंद्र बोस जैसे महान क्रांतिकारियों के विचारों को अपनाकर ही एक सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को समाज में प्रसारित करें।
वरिष्ठ सदस्य अनुपम अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सभी क्रांतिकारी एकजुट होकर देश की आजादी के लिए कार्य कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज में एकता बनाए रखना ही इन शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में राजेंद्र यादव, दीपक वर्मा, दीपक पाल, हरीश शर्मा, नसरुद्दीन मलिक, विकास, रिंकू, अनिल दुबे, मुखर्जी, सुनील दत्त, संजय, अक्षय और रोहित सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



