वसुंधरा के गीता धाम मंदिर में भंडारे का आयोजन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद

गाजियाबाद, रविवार। वसुंधरा सेक्टर-5 स्थित गीता धाम मंदिर में शनिवार को सामाजिक संस्था ‘शिव गुरु चिंतन धारा फाउंडेशन’ की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
संस्था के अध्यक्ष एवं ज्योतिषाचार्य आचार्य पंडित शिव चरण शर्मा (पंडित शिवगुरु) ने बताया कि ‘शिव गुरु चिंतन धारा फाउंडेशन’ एक पंजीकृत संस्था है, जो लंबे समय से समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि संस्था स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में निरंतर योगदान दे रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि संस्था द्वारा प्रत्येक शनिवार को शाम 6 बजे नियमित रूप से भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसके अलावा हर मंगलवार को हनुमान जी का पाठ एवं प्रसाद वितरण भी किया जाता है।
संस्था की ओर से समय-समय पर मेडिकल कैंप आयोजित कर जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। ‘नर सेवा नारायण सेवा’ के सिद्धांत को अपनाते हुए संस्था समाज के कमजोर वर्गों की सहायता और कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा और सभी ने भंडारे में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।



