लोनी में युवक पर जानलेवा हमला, गर्दन और पेट पर चाकू से वार; हालत नाजुक

गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक युवक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो अज्ञात हमलावरों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। घायल को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार अशोक विहार कॉलोनी निवासी सलीम वास्तिक पर सुबह के समय हमला किया गया। हमलावरों ने उनकी गर्दन और पेट पर चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
सूत्रों के मुताबिक, सलीम वास्तिक पूर्व में सोशल मीडिया पर समुदाय के खिलाफ दिए गए बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही लोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। अज्ञात हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल का उपचार प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।



