लोनी में दिनदहाड़े बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या, आरोपी गार्ड फरार; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। बैंक के ही सिक्योरिटी गार्ड ने मामूली विवाद के बाद बैंक मैनेजर को गोली मार दी, जिससे उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी गार्ड मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।
मृतक बैंक मैनेजर की पहचान अभिषेक (36 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी गार्ड रविंदर हुड्डा ने छुट्टी को लेकर मैनेजर से कहासुनी के बाद गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि रविंदर हुड्डा भारतीय सेना का रिटायर्ड जवान है और बैंक में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना दिनदहाड़े बैंक परिसर के अंदर हुई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी गार्ड को गोली चलाने के तुरंत बाद हथियार के साथ एक अन्य व्यक्ति के साथ बैंक से बाहर निकलते हुए देखा गया है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी और उसके साथी की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
डीसीपी ग्रामीण एस.एन. तिवारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद बैंक कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। दिनदहाड़े बैंक जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सटीक जानकारी सामने लाई जा सके।



