लोनी में किसानों पर लाठीचार्ज का आरोप, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने घायलों से मुलाकात कर दिया समर्थन

गाजियाबाद। लोनी विधानसभा क्षेत्र के मीरपुर हिंदू गांव में पिछले लगभग 40 दिनों से नगर निगम गाजियाबाद के विरोध में धरने पर बैठे किसानों पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद के पदाधिकारियों ने धरनास्थल पर पहुंचकर किसानों से मुलाकात की तथा घायलों का हालचाल जाना।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पीसीसी सदस्य राजाराम भारती, जिला उपाध्यक्ष उमेश त्यागी, जिला महामंत्री रिजवान मलिक, विनोद धाम, महफूज अली, बीडी दुबे, जिला सचिव सत्य प्रकाश त्यागी तथा मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे किसानों पर पुलिस प्रशासन ने “बेरहमी से लाठियां बरसाईं” और महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। प्रतिनिधिमंडल ने घायल किसानों के घर जाकर उनसे मुलाकात की और घटना की जानकारी ली।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि किसानों के साथ हुई कार्रवाई अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और उनकी पार्टी पीड़ित किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों की मांगों को उठाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी और उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
वहीं किसानों ने भी प्रशासन से अपनी मांगों पर गंभीरता से विचार करने और कार्रवाई करने की मांग दोहराई। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

