Ghaziabad

लूट, छिनैती और वाहन चोरी में शामिल तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, कार व हथियार बरामद

गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की स्वाट टीम नगर जोन और थाना वेव सिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट, छिनैती और वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई टाटा नेक्सॉन कार, चोरी की मोटरसाइकिल, एक जोड़ी कुंडल तथा 315 बोर का देशी तमंचा मय दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार थाना वेव सिटी क्षेत्र में हाल के दिनों में लूट, छिनैती और वाहन चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज किए गए थे। 18 फरवरी 2026 को गुर्जरगढ़ी निवासी पवन बंसल की भाभी के कानों से बाइक सवार बदमाशों ने कुंडल छीन लिए थे। इसके बाद 26 फरवरी 2026 को राजकम्पाउंड निवासी शिवम कुमार झा की TVS स्पोर्ट मोटरसाइकिल (UP16EN7991) चोरी हो गई थी। वहीं 4 मार्च 2026 को फरीदाबाद निवासी किसलय कुमार से बदमाशों ने तमंचा दिखाकर टाटा नेक्सॉन कार (HR51CN3266) और मोबाइल फोन लूट लिया था।

इन घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। शनिवार को स्वाट टीम और वेव सिटी पुलिस बम्हेटा से गिरधरपुर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों—राज राजपूत (23 वर्ष), दर्शन (21 वर्ष) और अजय (20 वर्ष)—को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हाईटेक कॉलेज के सामने खड़ी कार को निशाना बनाया था। कार में सो रहे लोगों को तमंचा दिखाकर वे कार और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। बाद में मोबाइल फोन को नाले में फेंक दिया गया था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने नोएडा में एक व्यक्ति को तमंचा दिखाकर उसका मोबाइल फोन छीना और उसके परिजनों से ऑनलाइन पैसे मंगवाए थे।

इसके अलावा आरोपियों ने गुर्जरगढ़ी गांव में एक महिला के कानों से कुंडल छीनने तथा लालकुआं क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदात भी कबूल की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Umesh Kumar

Umesh is a senior journalist with more than 15 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites and is now associated with Local Post as Consulting Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button