मौसम अलर्ट: अगले 24 घंटे तक ठंड बढ़ेगी, 27–28 जनवरी को व्यापक बारिश के साथ तापमान में 3–5 डिग्री की बढ़ोतरी के आसार

लखनऊ। प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पिछले सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद मौसम साफ हो गया है, लेकिन बर्फबारी वाले पर्वतीय क्षेत्रों से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण बीते 24–48 घंटों में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में भी हल्की कमी देखी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति अगले 24 घंटों तक बनी रह सकती है। इस दौरान प्रदेश के तराई वाले जिलों में 26 और 27 जनवरी की सुबह कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है, जो दिन चढ़ने के साथ धीरे-धीरे छंट जाएगा।
27–28 जनवरी को बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 27–28 जनवरी के दौरान एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ व्यापक वर्षा होने की संभावना है।
इस बदले हुए मौसम के कारण न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की त्वरित बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड से अस्थायी राहत मिलने के आसार हैं।
29 जनवरी से फिर बढ़ेगी ठंड
हालांकि यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 जनवरी की सुबह से एक बार फिर न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की तेज गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का असर दोबारा बढ़ेगा।
मौसम विभाग ने किसानों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।


