मोदीनगर में सर्राफा कारोबारी की हत्या, हमलावर मौके पर ही भीड़ ने दबोचा – व्यापारियों में आक्रोश

गाजियाबाद/मोदीनगर : गुरुवार सुबह मोदीनगर में एक दर्दनाक वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। 75 वर्षीय सर्राफा कारोबारी गिरधारी लाल की उनकी दुकान खोलते समय एक युवक ने चाकू और तमंचे से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद बाजार में दहशत और आक्रोश फैल गया।
दुकान खोलते ही हुआ हमला
गोविंदपुरी कॉलोनी के निवासी गिरधारी लाल की मेन मार्केट में “गिरधारी लाल एंड सन ज्वेलर्स” नाम से दुकान है। रोज की तरह वह सुबह दुकान का शटर खोल रहे थे, तभी पैदल आया एक युवक अंकित, जो उसी कॉलोनी का रहने वाला है, अचानक उन पर टूट पड़ा।
हमलावर ने पहले चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और फिर तमंचे से फायरिंग भी की। गंभीर रूप से घायल गिरधारी लाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


भीड़ ने दिखाई हिम्मत, हमलावर पकड़ा गया
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए हिम्मत दिखाते हुए हमलावर अंकित को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस अब उससे घटना के कारणों और मंशा के बारे में पूछताछ कर रही है।
व्यापारियों ने बंद की दुकानें, जताया विरोध
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारियों में रोष फैल गया। सभी व्यापारियों ने दुकानें बंद कर हत्या का विरोध किया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। व्यापारियों ने मांग की कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है।




