मेरठ के किदवई नगर में भीषण आग, महिला समेत छह की दर्दनाक मौत
मेरठ। शहर के किदवई नगर क्षेत्र में सोमवार रात एक मकान में भीषण आग लगने से महिला समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार घटना सुहारी वाली मस्जिद के पास स्थित इकबाल/आसिम अंसारी के मकान में रात करीब 8:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि मकान के ग्राउंड फ्लोर पर कपड़ों का गोदाम था, जहां अचानक आग लग गई। कपड़ों और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती हुई कुछ ही मिनटों में दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। उस समय घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जबकि परिवार के पुरुष सदस्य नमाज पढ़ने गए हुए थे।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। क्षेत्र की संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा, जिससे राहत कार्य में देरी हुई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मी आग पर काबू पा सके।
दूसरी मंजिल पर फंसी महिला और बच्चों को बचाने के लिए पड़ोसी मकान से सीढ़ी लगाकर खिड़की तोड़ी गई और उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से झुलस चुके थे। सभी घायलों को हापुड़ रोड स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान रुखसार (30) पत्नी आसिम, अद्दस (3) पुत्र आसिम, नबिया (6 माह) पुत्री आसिम, इनायत (6 माह) पुत्री आसिम, महविश (12) पुत्री फारुख और हम्माद (4) पुत्र फारुख के रूप में हुई है। वहीं पहली मंजिल पर फंसे पांच अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और राहत प्रदान करने की मांग की है।



