Meerut

मेरठ: अर्चिता अरोड़ा हत्याकांड का खुलासा, होटल संचालक समेत चार आरोपी गिरफ्तार

मेरठ। थाना मवाना पुलिस ने मेरठ-बिजनौर हाईवे स्थित भगवती फार्म हाउस के पास सरसों के खेत में मिले महिला के शव के मामले का खुलासा करते हुए होटल संचालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार (UP-15-DN-5634), एक कंबल तथा तेजाब की खाली बोतल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे मवाना खुर्द चौकी पर सूचना प्राप्त हुई थी कि हाईवे किनारे खेत की बाउंड्री के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पाया कि शव का चेहरा ज्वलनशील पदार्थ से बुरी तरह जला हुआ था, जिससे पहचान संभव नहीं हो पा रही थी। इस संबंध में थाना मवाना पर मु0अ0स0 80/2026 धारा 103(1) व 238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी मवाना और प्रभारी निरीक्षक मवाना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के करीब 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा कई स्थानों पर दबिश दी। जांच के दौरान मृतका की पहचान अर्चिता अरोड़ा के रूप में हुई।

पूछताछ में सामने आया कि होटल से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर अर्चिता की होटल संचालक चंचल कुमार उर्फ बंटी और उसके साथियों से शराब के नशे में कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर अर्चिता द्वारा आरोपियों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इससे घबराकर आरोपियों ने साजिश रची और कंबल से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया गया और शव को खेत में फेंक दिया गया।

पुलिस ने 26 फरवरी 2026 को तड़के करीब 4:25 बजे गुरमुख उर्फ अरविंद उर्फ मोनू (जौहड़ी, बागपत), संदीप उर्फ सिद्धू उर्फ राहुल (प्रभात नगर, मेरठ), चंचल कुमार उर्फ बंटी (न्यू देवपुरी, मेरठ) और विवेक उर्फ काका (मलियाना, मेरठ) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक पूनम जादौन सहित थाना मवाना पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

Munish Kumar

Munish is a senior journalist with more than 18 years of experience. Freelance photo journalist with some leading newspapers, magazines, and news websites, has extensively contributing to The Times of India, Delhi Times, Wire, ANI, PTI, Nav Bharat Times & Business Byte and is now associated with Local Post as Editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button